कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पखांजूर, 16 नवंबर। क्षेत्र के धान खरीदी केंद्र पी.वी. 2 (देवपुर) में खरीदी व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। सोमवार, 16 नवंबर को दोपहर करीब 2.37 बजे केंद्र का निरीक्षण करने पर वहां कोई अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। परिसर में धान खरीदी से संबंधित बैनर और कुछ खाली बोरियां रखी हुई थीं।
मौके पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण खरीदी प्रक्रिया की स्थिति की जानकारी नहीं मिल सकी। केंद्र में बाउंड्रीवॉल और बिजली की व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई है। इससे धान के सुरक्षित भंडारण और खरीदी केंद्र के संचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय किसानों की चिंता है कि यदि केंद्र में आवश्यक व्यवस्था और जिम्मेदार कर्मचारियों की तैनाती समय पर नहीं हुई, तो उन्हें अपनी उपज बेचने में परेशानी हो सकती है।
ग्रामीणों और किसानों ने संबंधित विभाग से केंद्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, बिजली और बाउंड्रीवॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खरीदी व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।