कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पखांजूर, 25 नवंबर। कांकेर जिले के कापसी क्षेत्र स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के टावर परिसर की बदहाली को लेकर विभागीय अधिकारियों की उदासीनता जस की तस बनी हुई है। हालात सुधरने के बजाय दिन-ब-दिन और भी भयावह होते जा रहे हैं।
परिसर की ताजा तस्वीरें विभागीय लापरवाही की पोल खोल रही हैं। लंबे समय से रखरखाव और साफ-सफाई नहीं होने के कारण पूरे परिसर में घनी झाडिय़ां, बेलें और बड़े पेड़ उग आए हैं। इन झाडिय़ों के बीच परिसर में रखा लाखों रुपये की लागत वाला जनरेटर सेट और अन्य कीमती संचार उपकरण खुले में सड़ रहे हैं।
सबसे गंभीर स्थिति परिसर की बाउंड्री वॉल की है, जो पूरी तरह जर्जर होकर एक तरफ झुक चुकी है और कई जगहों से ईंटें उखडक़र गिरने की कगार पर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दीवार कभी भी भरभराकर गिर सकती है, जिससे आसपास से गुजरने वाले राहगीरों और बच्चों के साथ किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
क्षेत्र के नागरिकों ने इस बात पर रोष जताया है कि मीडिया में मुद्दा उठने के बाद भी न तो झाडिय़ों की कटाई कराई गई और न ही खतरनाक हो चुकी दीवार की मरम्मत शुरू की गई। स्थानीय निवासियों ने बीएसएनएल के उच्चाधिकारियों और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि किसी अनहोनी के घटित होने से पहले तत्काल परिसर की साफ-सफाई कराई जाए, जर्जर दीवार का पुनर्निर्माण हो तथा सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।