कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पखांजूर, 11 नवंबर। परलकोट अंचल में रोशनी और आस्था का महापर्व दीपावली हर्षोल्लास, परंपरा और उत्साह के साथ मनाया गया। क्षेत्र में दीपों के पर्व पर चारों तरफ रौनक छाई रही, वहीं बंगाली समाज द्वारा पारंपरिक निष्ठा व श्रद्धा के साथ जगत जननी माँ काली की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने माँ के चरणों में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूजा के उपरांत रात्रि में जमकर आतिशबाजी हुई, जिससे पूरा आकाश रंग-बिरंगे प्रकाश से जगमगा उठा।
सुरक्षा को पहली प्राथमिकता
इस वर्ष के दीपोत्सव की सबसे बड़ी और सराहनीय विशेषता यहाँ के पटाखा व्यापारियों की सूझबूझ और उनकी पेशेवर सतर्कता रही। पखांजूर और कापसी क्षेत्र के आतिशबाजी विक्रेताओं ने व्यापार के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया।
दुकानों और स्टालों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम देखने को मिले। हर दुकान के बाहर अग्निशमन सुरक्षा के लिहाज से रेत से भरी बाल्टी, पानी के ड्रम और जरूरी सुरक्षा उपकरण मुस्तैद रखे गए थे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। व्यापारियों के इस जिम्मेदार और अनुशासित रवैये के चलते पूरा फेस्टिव सीजन और पटाखों का व्यापार पूरी तरह सुरक्षित तरीके से संपन्न हुआ।
प्रशासनिक नियमों और जन-सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए व्यापारियों द्वारा बरती गई इस सावधानी के कारण परलकोट क्षेत्र में दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या हादसे की कोई खबर सामने नहीं आई।