कांकेर
खाद्य अफसर के निरीक्षण में खुली अनियमितता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पंखाजूर, 25 नवंबर। पंखाजूर क्षेत्र के पीवी-15 धान खरीदी केंद्र में स्टॉक और रजिस्टर के मिलान के दौरान 25 बोरी धान की कमी सामने आई है। खाद्य अधिकारी चूड़ामणि सिदार के आकस्मिक निरीक्षण में मामला उजागर होने के बाद विभाग ने दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। दोषियों पर कार्रवाई की बात कही गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाद्य अधिकारी चूड़ामणि सिदार ने मंगलवार को पीवी-15 धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जब रजिस्टर और भौतिक स्टॉक का मिलान किया गया तो 25 बोरी धान का अंतर सामने आया। अधिकारी ने मौके पर ही संबंधित दस्तावेजों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
श्री सिदार ने मीडिया से चर्चा में बताया कि इस खरीदी सीजन में केंद्र में पूर्व में 200 बोरी धान प्राप्त हुआ था, जिसमें से कुछ बोरियों का उपयोग किया गया था। शेष स्टॉक की जांच के दौरान कमी पाई गई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
धान खरीदी केंद्र में कमी की खबर मिलते ही क्षेत्र के किसानों में आक्रोश व्याप्त है। किसानों का कहना है कि एक ओर उन्हें धान बेचने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता है, बायोमेट्रिक और अन्य औपचारिकताओं से गुजरना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर केंद्र के अंदर ही धान गायब हो रहा है। इससे खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
केंद्र में मौजूद किसानों ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल विभागीय जांच जारी है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। देखना यह होगा कि 25 बोरी धान की कमी महज लापरवाही का नतीजा है या इसके पीछे कोई बड़ा गोरखधंधा चल रहा था।