कांकेर

दिव्यांग और मासूम बच्ची के घर में लगाई आग, परिवार बेघर
20-Nov-2026 9:41 PM
दिव्यांग और मासूम बच्ची के घर में लगाई आग, परिवार बेघर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पखांजूर, 20 नवंबर। कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र अंतर्गत पीवी-27 गांव में बुधवार रात एक परिवार के मकान में आग लगने से घर और उसमें रखा सामान जल गया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। आग लगने के बाद परिवार के सदस्यों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। परिवार का मुखिया दिव्यांग है और घर में एक छोटी बच्ची भी मौजूद थी।

 आग मिट्टी से बने मकान में लगी। आग तेजी से फैलने के कारण घर की छत में लगी लकडिय़ां, कपड़े, बर्तन, अनाज और अन्य घरेलू सामान जल गए। घटना के बाद परिवार के पास रहने और दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुओं का संकट खड़ा हो गया है।

पीडि़त परिवार का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने जानबूझकर मकान में आग लगाई है। परिवार की महिला सदस्य का कहना है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है और उन्हें घटना के पीछे का कारण समझ नहीं आ रहा है।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आग लगने की परिस्थितियों की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की भी मांग की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष और जांच की जानकारी सामने आना बाकी है।


अन्य पोस्ट