कांकेर

रबी फसल की तैयारी, खाद की तय सीमा से किसान परेशान
14-Nov-2026 9:33 PM
रबी फसल की तैयारी, खाद की तय सीमा से किसान परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पखांजूर, 14 नवंबर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर, कापसी और बांदे क्षेत्र में इन दिनों रबी फसल की बुआई और तैयारी के बीच खाद (उर्वरक) वितरण को लेकर किसानों और स्थानीय खाद विक्रेताओं के बीच गहरी चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कृषि विभाग के निर्धारित नियमों के तहत वर्तमान में किसानों को प्रति एकड़ केवल 1 बोरी खाद मिलने का नियम तय किया गया है, जिससे अन्नदाताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। किसानों का  कहना है कि इस सीमित मात्रा से उनकी फसलों की मैदानी जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं, जिससे फसल के उत्पादन और ग्रोथ पर सीधा असर पडऩे की आशंका है।

एक बोरी प्रति एकड़ से कैसे संभलेगी रबी की फसल?

क्षेत्र के किसानों का तर्क है कि रबी सीजन की फसलों की तैयारी और बुआई की मौजूदा अवस्था को देखते हुए प्रति एकड़ सिर्फ एक बोरी खाद नाकाफी है। किसानों का कहना है कि जब तक फसल को सही समय पर और पर्याप्त मात्रा में पोषण नहीं मिलेगा, तब तक मेहनत और लागत दोनों व्यर्थ हो जाएंगी। पर्याप्त खाद न मिलने के कारण किसान अपनी आगामी फसलों की सेहत को लेकर काफी चिंतित हैं और लगातार पैक्स (सहकारी समितियों) व निजी दुकानों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

गोदामों में माल है, पर किसानों को दे नहीं पा रहे- दुकानदार

दूसरी ओर, स्थिति का दूसरा पहलू खाद विक्रेताओं और दुकानदारों की परेशानी से जुड़ा हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि उनके स्टॉक और गोदामों में खाद उपलब्ध होने के बावजूद वे नियमों और ऑनलाइन कोटे की पाबंदियों के कारण किसानों की जरूरत के मुताबिक उन्हें खाद नहीं दे पा रहे हैं। पोर्टल और तय सरकारी नियमों की सीमा इतनी सख्त है कि अधिक मांग होने पर भी वे किसानों की मदद करने में असमर्थ हैं।

 दुकानदारों का यह भी कहना है कि किसान जब खाली हाथ लौटते हैं, तो उन्हें खरी-खोटी सुननी पड़ती है, जबकि तकनीकी और प्रशासनिक सीमाएं उनके हाथ बांधे हुए हैं। 

किसानों की गुहार

स्थानीय किसानों और व्यापारियों ने प्रशासन और कृषि विभाग से मांग की है कि मैदानी हकीकत और रबी सीजन की मांग को ध्यान में रखते हुए इस कोटे की समीक्षा की जाए। किसानों ने अपील की है कि रकबे के हिसाब से मिलने वाली खाद की मात्रा बढ़ाई जाए, ताकि वे समय पर अपनी फसलों में खाद डाल सकें और भारी नुकसान से बच सकें।


अन्य पोस्ट