कांकेर

विधायक का मोबाइल हैक, व्हाट्सएप से मांगे रुपये
12-Nov-2026 11:05 PM
विधायक का मोबाइल हैक, व्हाट्सएप से मांगे रुपये

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 12 नवम्बर। कांकेर विधायक आशाराम नेताम का मोबाइल नंबर साइबर ठगों के निशाने पर आया है। उनके व्हाट्सएप अकाउंट के जरिए परिवार के सदस्यों और परिचितों को संदेश भेजकर अर्जेंट पैसों की मांग किए जाने का मामला सामने आया है।

बुधवार सुबह विधायक के मोबाइल नंबर से कई लोगों को संदेश भेजे गए। इन संदेशों में तत्काल रुपये की जरूरत बताकर मदद मांगी गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर विधायक ने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सतर्क किया और स्पष्ट किया कि उनका मोबाइल नंबर हैक हो गया है।

कुछ परिचितों ने विधायक से सीधे संपर्क कर संदेशों की पुष्टि की, जिसके बाद मोबाइल नंबर हैक होने की बात सामने आई। विधायक ने मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी है। सूचना मिलने के बाद साइबर पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है।

विधायक आशाराम नेताम ने क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि उनके नंबर से व्हाट्सएप या कॉल के जरिए रुपये मांगे जाने पर किसी तरह का भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध संदेश का जवाब देने या पैसे ट्रांसफर करने से पहले उनसे सीधे संपर्क कर पुष्टि कर लें। उन्होंने इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की, ताकि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार न बने।


अन्य पोस्ट