कांकेर

पटवारियों की हड़ताल से गिरदावरी और राजस्व कार्य ठप, किसानों के समक्ष धान खरीदी का संकट
03-Nov-2026 10:17 PM
पटवारियों की हड़ताल से गिरदावरी और राजस्व कार्य ठप, किसानों के समक्ष धान खरीदी का संकट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पखांजूर, 3 नवंबर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के पखांजूर, कापसी, दुर्गूकोंदल और बांदे क्षेत्र में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल और प्रशासनिक कार्रवाई के कारण ग्रामीण इलाकों में राजस्व कामकाज ठप हो गया है, जिससे आगामी धान खरीदी सीजन को लेकर किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

किसानों की प्रमुख समस्याएं- पीवी ऐप और तकनीकी विवादों के चलते फसल गिरदावरी का कार्य बाधित हुआ है, जिससे धान खरीदी के लिए किसानों का सत्यापन और पंजीयन अधर में लटक गया है। हड़ताल के कारण तहसील और हल्का कार्यालयों में कामकाज बंद होने से किसानों को खसरा, बी-1 और ऋण पुस्तिका जैसे जरूरी दस्तावेज नहीं मिल पा रहे हैं।  नामांतरण, सीमांकन और भूमि सुधार के कार्य लंबित होने से किसानों को व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन और पटवारी संघ आमने-सामने शासन द्वारा आंदोलनरत पटवारियों के खिलाफ निलंबन और नोटिस की कार्रवाई की गई है, जबकि पटवारी संघ भी अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है। धान कटाई और खरीदी का समय नजदीक होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों के किसानों ने शीघ्र समाधान निकालने की मांग की है, ताकि धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित न हो।


अन्य पोस्ट