कांकेर

आसुलखार धान खरीदी केंद्र में डेढ़ करोड़ की अनियमितता
02-Nov-2026 9:34 PM
आसुलखार धान खरीदी केंद्र में डेढ़ करोड़ की अनियमितता

केंद्र प्रभारी और बारदाना प्रभारी पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 2 नवंबर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में अनियमितता का एक बड़ा मामला सामने आया है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित (लेम्पस) आसुलखार के अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्र में जांच के दौरान 11 हजार 628 बोरा धान से संबंधित अनियमितता पाई गई है। जांच में संबंधित धान की मात्रा 4,651.20 क्विंटल आंकी गई, जिसकी कुल कीमत 1 करोड़ 44 लाख 18 हजार 720 रुपये बताई गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र प्रभारी और बारदाना प्रभारी के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

आसुलखार धान खरीदी केंद्र में अनियमितता की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने जांच की कार्रवाई शुरू की थी। कलेक्टर  कुन्दन कुमार के निर्देश पर गठित जांच दल ने उपार्जन केंद्र का संयुक्त रूप से भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान धान के स्टॉक और उससे संबंधित अभिलेखों की जांच की गई।

भौतिक सत्यापन में 11,628 बोरा धान से संबंधित अनियमितता सामने आई। इसका कुल वजन 4,651.20 क्विंटल पाया गया, जिसका मूल्यांकन समर्थन मूल्य के आधार पर 1,44,18,720 रुपये किया गया है।

जांच में अनियमितता सामने आने के बाद आदिम जाति सेवा सहकारी समिति आसुलखार के समिति प्रबंधक परमेश महावीर ने धान खरीदी केंद्र प्रभारी टिकेश्वर पोटाई तथा बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन के विरुद्ध पुलिस थाना भानुप्रतापपुर में 1 नवंबर को एफआईआर दर्ज कराई।


अन्य पोस्ट