कांकेर

कापसी का बीएसएनएल टावर परिसर बना खंडहर
27-Oct-2026 9:47 PM
कापसी का बीएसएनएल टावर परिसर बना खंडहर

जर्जर दीवार से हादसे की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पखांजूर, 27 अक्टूबर। कांकेर जिले के कापसी क्षेत्र में स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) का टावर परिसर देख-रेख के अभाव और विभागीय लापरवाही के चलते जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। कभी संचार का मुख्य केंद्र रहा यह सरकारी परिसर अब वीरान हो चुका है।

बीएसएनएल टॉवर और जनरेटर यूनिट के आसपास बड़े-बड़े पेड़-पौधे और झाडिय़ां उग आई हैं। लंबे समय से सफाई और मरम्मत न होने के कारण लाखों की सरकारी संपत्ति और मशीनरी खराब हो रही है।

देख-रेख के अभाव में परिसर की बाउंड्रीवॉल एक तरफ झुक चुकी है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, यह जर्जर दीवार कभी भी गिर सकती है, जिससे आसपास से गुजरने वाले लोगों के लिए बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।

 स्थानीय नागरिकों ने बीएसएनएल के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि इस लापरवाही से सरकारी संपत्ति के नुकसान के साथ-साथ सार्वजनिक सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो गया है।

क्षेत्र के लोगों ने बीएसएनएल उच्च प्रबंधन से मांग की है कि जर्जर दीवार की मरम्मत कराई जाए, परिसर की साफ-सफाई करवाई जाए और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी दुर्घटना से बचा जा सके।


अन्य पोस्ट