कांकेर

गौवंश तस्करी: दो फरार मुख्य आरोपी बंदी
25-Oct-2026 10:36 PM
गौवंश तस्करी: दो फरार मुख्य आरोपी बंदी

 साढ़े 12 लाख का सामान जब्त, अब तक 10 पकड़ाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 25 अक्टूबर। नरहरपुर पुलिस ने 40 गौवंशों की कथित चोरी और तस्करी में कार्रवाई करते हुए दो फरार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मवेशियों की बिक्री की 32 हजार रुपये की रकम, 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक मारुति ब्रेजा वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 12 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, नरहरपुर निवासी रविकांत ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि क्षेत्र के ग्रामीणों की गाय और बछड़े 30 सितंबर की रात से लापता हैं। पूछताछ में जानकारी सामने आई कि हिमांशु तिवारी और गौरव सोरी ने आवारा एवं लावारिस मवेशियों को गौशाला पहुंचाने की बात कहकर ग्रामीणों से संपर्क किया था। आरोप है कि पंडरीपानी, सिहावा स्थित गौशाला में मवेशियों को भेजने का भरोसा दिलाकर नरहरपुर हाईस्कूल खेल मैदान से करीब 40 गौवंशों को पिकअप वाहनों में भरकर ले जाया गया। बाद में ग्रामीणों को संबंधित गौशाला में नरहरपुर से कोई मवेशी पहुंचने की जानकारी नहीं मिली। शिकायत के आधार पर थाना नरहरपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था।

इसके बाद फरार मुख्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक, सूचना के आधार पर धमतरी से हेमंत यादव (37) तथा प्रियेश साहू (20) दोनों निवासी धमतरी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों पर पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के साथ मिलकर चोरी किए गए मवेशियों को ओडिशा के पापड़हांडी ले जाकर 85 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दूसरे स्थान से मवेशी लाकर उन्हें नरहरपुर से लाया गया बताने का प्रयास भी किया था।

जांच में मवेशियों को वाहन में ठूंस-ठूंसकर भरकर कत्लखाने की ओर ले जाने का तथ्य सामने आने पर छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) भी जोड़ी गई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट