कांकेर

इंस्टाग्राम वीडियो कॉल पर अश्लील वीडियो दिखाने और छेड़छाड़ का आरोपी बंदी
25-Oct-2026 10:33 PM
इंस्टाग्राम वीडियो कॉल पर अश्लील वीडियो दिखाने और छेड़छाड़ का आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 25 अक्टूबर। कांकेर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने 32 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर इंस्टाग्राम वीडियो कॉल के दौरान नाबालिग को अश्लील वीडियो दिखाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर को नाबालिग की मां ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राजापारा निवासी जीतपाल सिंह उर्फ बिट्टू बडगुजरा ने इंस्टाग्राम वीडियो कॉल के माध्यम से उसकी नाबालिग बेटी को अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि घटना के संबंध में किसी को जानकारी देने पर आरोपी ने बालिका को जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75(2), 78(2) एवं 351(3) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।पुलिस अफसरों के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश के लिए उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के राजापारा स्थित निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और थाने लाया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे 24 अक्टूबर को  गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट