कांकेर
पखांजूर, 22 अक्टूबर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में पखांजूर को भानुप्रतापपुर से जोडऩे वाले मुख्य मार्ग की स्थिति अत्यधिक जर्जर हो चुकी है। सडक़ पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
मार्ग की खराब स्थिति के चलते आपातकालीन सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। हाल ही में इस जर्जर मार्ग से गुजरने के दौरान 102 आपातकालीन एम्बुलेंस के बीच रास्ते में खराब होने का मामला सामने आया है, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को होने वाली परेशानियों को लेकर चिंता जताई गई है। सडक़ की खस्ताहालता के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के नागरिकों और वाहन चालकों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की उदासीनता पर रोष व्यक्त किया है। स्थानीय जनता द्वारा मार्ग की शीघ्र मरम्मत, डामरीकरण और पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की जा रही है, ताकि आवागमन सुगम हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।