कांकेर

उत्साह से मना धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस
16-Oct-2026 10:08 PM
उत्साह से मना धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

चारामा, 16 अक्टूबर। बौद्ध समाज चारामा द्वारा 14 अक्टूबर को धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस उत्साह एवं सामाजिक एकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह 8 बजे पंचशील ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। वहीं शाम 7 बजे भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में समाज के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान बौद्ध समाज चारामा के अध्यक्ष योगेश्वर मेश्राम ने कहा कि चारामा के अंबेडकर भवन में पिछले कई वर्षों से भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का धम्म शांति, समानता और मानव कल्याण का मार्ग है। बाबा साहेब ने बौद्ध धम्म स्वीकार कर समाज को आत्मसम्मान, शिक्षा और सामाजिक न्याय की दिशा में आगे बढऩे की प्रेरणा दी।

उन्होंने समाज के लोगों से बाबा साहेब के विचारों को अपने जीवन में अपनाने तथा बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर एक समतामूलक समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नगर पंचायत चारामा के अध्यक्ष भुनेश्वर नागराज ने भी समाज के लोगों के समक्ष अपने विचार रखे। उन्होंने भगवान बुद्ध के उपदेशों और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला।

उन्होंने अंबेडकर भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए उसके नवनिर्माण का आश्वासन दिया। अंबेडकर भवन बौद्ध समाज के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। भवन के नवनिर्माण के आश्वासन से समाज के लोगों में प्रसन्नता देखने को मिली।

कार्यक्रम में बौद्ध समाज चारामा के अध्यक्ष श्री योगेश्वर मेश्राम, उपाध्यक्ष श्री नागेश भवते, सचिव श्री दिनेश गजभिये, कोषाध्यक्ष श्री कोमल मेश्राम, श्री विकेश मेश्राम, श्री अनिल खोबरागड़े, श्री राजकपूर बारसागड़े, श्री आशीष गजभिये, श्रीमती रेखा मेश्राम, श्रीमती शीतल राउत, श्रीमती वैजयंतीमाला बंसोड़, श्रीमती बेबीनंदा मेश्राम, श्रीमती रेखा रामटेके, श्रीमती अनिता बारसागड़े, श्रीमती नीतू कामड़े, श्री विक्रांत गजभिये एवं श्री राज्यपाल कान्हेकर सहित बौद्ध समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट