कांकेर
कांकेर, 4 अक्टूबर। उजियारा अभियान के तहत कोयलीबेड़ा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 144.600 लीटर अवैध शराब, 600 रुपये नगद और इंडिका वाहन बरामद किया है। जब्त सामान और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 11 हजार 80 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को कोयलीबेड़ा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंडिका वाहन क्रमांक सीजी 04 एचसी 1986 में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर संदिग्ध वाहन की तलाश और घेराबंदी की। वाहन को रोककर तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत 60,480 रुपये, नगद 600 रुपये तथा वाहन की कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मामले में मोहनलाल नेताम डुमरकोट थाना सिकसोड़ और भगत सिंह ताम्रकार डुमरकोट, कोयेपारा भैंसासूर को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।