कांकेर
जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 30 सितंबर। कांकेर जिले के बांदे-छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लगे ग्राम दागुनटोला-पुसगटटा के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सल डंप बरामद किया है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान बरामद डंप से हथियार, कारतूस, प्रिंटर समेत अन्य नक्सल सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले के संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत लगातार सघन सर्चिंग की जा रही है। इसी क्रम में 29 सितंबर को जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस टीम के संयुक्त दल ने दागुनटोला-पुसगटटा के मध्य जंगल-पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सल डंप मिला, जिसकी तलाशी लेने पर सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामग्री में एक सिंगल बैरल 12 बोर रायफल, एक डबल बैरल 12 बोर रायफल, दो प्रिंटर और 11 कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा अन्य नक्सल सामग्री भी बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के मुताबिक सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए संयुक्त सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, डीआईजी बीएसएफ भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, कांकेर एसपी निखिल राखेचा तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के सेनानी रविन्द्र सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। अभियान में बीएसएफ 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर एच.एन. शर्मा और इंस्पेक्टर हनुमान सहाय मीणा टीम कमांडर के रूप में शामिल रहे।