कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 30 सितंबर। नाबालिग से रेप के मामले में भानुप्रतापपुर की विशेष पॉक्सो अदालत ने आरोपी को दोषसिद्ध करते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 11 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। यह फैसला विशेष अपर सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) दीपक के. गुप्ता की अदालत ने सुनाया। प्रकरण में विशेष अपर लोक अभियोजक टी.एस. यादव ने अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी की।
पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी 2023 को पीडि़ता की मां ने अंतागढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी नाबालिग पुत्री घर में अकेली थी, इसी दौरान आरोपी घर के अंदर आया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी रिपोर्ट में कही गई थी। भय के कारण पीडि़ता तत्काल घटना की जानकारी किसी को नहीं दे सकी।
रिपोर्ट के आधार पर थाना अंतागढ़ में धारा 376, 506-बी भादवि तथा धारा 4 पॉक्सो एक्ट के तहत विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान साक्षियों के न्यायालयीन कथन, विवेचक द्वारा संकलित साक्ष्य और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को अभियोजन ने न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
न्यायालय ने उपलब्ध मौखिक, परिस्थितिजन्य एवं अन्य साक्ष्यों का समग्र मूल्यांकन करने के बाद आरोपी के विरुद्ध आरोप प्रमाणित पाए। इसके बाद आरोपी हर्षित उर्फ लालू चौहान (24), को दोषसिद्ध करते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 11 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया गया।