कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 26 सितंबर। पांच वर्षीय नाबालिग बालिका से रेप के मामले में कांकेर न्यायालय ने दो आरोपियों को दोषसिद्ध करते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश एवं अतिरिक्त प्रभार अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) कांकेर विभा पाण्डेय ने मामले में उपलब्ध मौखिक, परिस्थितिजन्य एवं अन्य साक्ष्यों का समग्र मूल्यांकन करने के बाद यह फैसला सुनाया।
पुलिस के अनुसार, 7 मार्च 2026 की रात पांच वर्षीय बालिका को अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर से सोते हुए उठाकर ले जाने की सूचना मिली थी। मामले में थाना कांकेर में गुम इंसान क्रमांक 22/26 कायम किया गया था। इसके साथ ही अपराध क्रमांक 89/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित कर बालिका एवं अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान बालिका को परिजनों द्वारा पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किए जाने पर दस्तयाब किया गया। पूछताछ में बालिका से मिली महत्वपूर्ण जानकारी तथा ग्रामीणों से पूछताछ एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अमित कुमार जैन उर्फ बिल्लू और रोहन कुमार जैन उर्फ उत्सव को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
विवेचना में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 65(2), 70(2), 332 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6, 8 एवं 10 के तहत अपराध पाया गया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अभियोजन की ओर से अपर लोक अभियोजक दिलीप सिंह नरेटी ने विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्य, साक्षियों के न्यायालयीन कथन एवं घटना से संबंधित परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपों को संदेह से परे प्रमाणित माना और दोनों आरोपियों को दोषसिद्ध करते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
दोषसिद्ध आरोपियों में अमित कुमार जैन उर्फ बिल्लू (20), निवासी सिदेसर आवासपारा, थाना कांकेर तथा रोहन कुमार जैन उर्फ उत्सव (20), निवासी सिदेसर आवासपारा, थाना कांकेर शामिल हैं।