कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 24 सितंबर। शहर और आबादी वाले इलाकों में बेलगाम रफ्तार से दौड़ रही यात्री बसों पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार मिल रही शिकायतों और हाल के दिनों में बसों से हुए हादसों को देखते हुए यातायात पुलिस ने अब तक 11 बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। इनमें 9 बसों पर ओवरस्पीड और 2 बसों के चालकों के खिलाफ बिना वर्दी वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई की गई है। इन मामलों में कुल 18,600 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया है।
यातायात प्रभारी दीपक साव ने बताया कि बस चालकों को पहले कई बार समझाइश दी गई थी, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चालानी कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से ओवरस्पीड वाहनों की निगरानी की जा रही है। अब तक 11 बसों पर कार्रवाई की जा चुकी है। यह कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार बस संचालकों और चालकों को कई बार निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद शहर सीमा और आबादी वाले क्षेत्रों में बसों की तेज रफ्तार और मनमाने तरीके से ओवरटेकिंग की शिकायतें सामने आती रहीं।
बीते कुछ दिनों में तेज रफ्तार बसों से हादसे भी हुए हैं। इनमें एक युवक की जान चली गई, जबकि गत दिवस गोविंदपुर क्षेत्र में एक निजी कंपनी की बस ने मेडिकल छात्रा की स्कूटी को टक्कर मार दी थी।
बताया गया कि यात्री बसें निर्धारित टाइमिंग के फेर में कई बार तेज रफ्तार से दौड़ती हैं। शहर के भीतर आबादी वाले क्षेत्रों में भी बसों की गति पर नियंत्रण नहीं रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लगातार हो रही घटनाओं और लोगों की शिकायतों को देखते हुए यातायात पुलिस ने अब सख्ती शुरू की है।
यातायात पुलिस की कार्रवाई गोविंदपुर क्षेत्र और बाफना लॉन के पास की गई। कार्रवाई की जद में मुस्कान ट्रेवल्स, महेंद्रा ट्रेवल्स, रॉयल तथा कांकेर रोजवेज की बसें भी शामिल हैं।