कांकेर

100 की स्पीड से दौड़ रही बस ने स्कूटी को मारी टक्कर, 20 मीटर तक घसीटा
23-Sep-2026 11:07 PM
100 की स्पीड से दौड़ रही बस ने स्कूटी को मारी टक्कर, 20 मीटर तक घसीटा

 स्कूटी के उड़े परखच्चे, मेडिकल छात्रा दूर गिरने से बची जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 23 सितंबर। रायपुर की ओर जा रही बस ने गोविंदपुर में एक मेडिकल छात्रा की स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना के दूसरे दिन भी एफआईआर नहीं हुआ है। दुर्घटना के बाद बस चालक और तेजगति से बस दौड़ाते हुए आसानी से सवारी भर कर रायपुर के लिए निकल गई।

जानकारी के अनुसार बस की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटे बताई गई है। अचानक सामने आई छात्रा को देखकर चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। टक्कर के बाद बस स्कूटी को करीब 20 मीटर तक घसीटते ले गई।

हादसे में छात्रा दूर जा गिरी। इससे उसकी जान बच गई। वहीं स्कूटी के परखच्चे उड़ गए हैं। घटना के बाद मौके पर मेडिकल कॉलेज के छात्र बड़ी संख्या में जमा हो गए और उन्होंने हंगामा करते हुए चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। पुलिस ने चालक और परिचालक को तत्काल मौके से हटा दिया।

जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार दोपहर की है। घटना का कारण बस की टाइमिंग फेल होना बताया गया है। जगदलपुर से रायपुर के लिए सवारी लेकर निकली दुबे ट्रैवल्स की बस (सीजी 04 ईए 4482) के कांकेर नए बसस्टैंड पहुंचने का समय दोपहर 2 बजे बताया गया है। बुकिंग एजेंट के अनुसार बस समय पर आई और 2 बजकर 5 मिनट पर बसस्टैंड से रवाना हो गई।

 टी आई कांकेर जितेंद्र साहू ने बताया कि हादसे की अब तक किसी ने शिकायत नहीं की है। शिकायत आने पर अपराध कायम किया जायेगा व नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट