कांकेर

मतांतरण विवाद के बीच 18 की मूल धर्म में वापसी
22-Sep-2026 9:28 PM
मतांतरण विवाद के बीच 18 की मूल धर्म में वापसी

गांव में तनाव के बाद प्रशासन ने कराई बैठक, ग्रामीणों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर,  22 सितंबर। कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल क्षेत्र के ग्राम भंडारडिगी में मतांतरण को लेकर उपजे विवाद के बीच 18 लोगों के अपने मूल धर्म में वापस लौटने का मामला सामने आया है। गांव में कुछ परिवारों के घरों से सामान बाहर निकालने को लेकर तनाव की स्थिति बनने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही ग्रामीणों और संबंधित पक्षों के बीच बैठक कर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया गया।

जानकारी के अनुसार, गांव में मतांतरण को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। तनाव की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य किया। इसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें गांव में शांति, आपसी सद्भाव और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया गया।

बैठक में ग्रामीणों ने अपनी बात रखते हुए कहा कि वे अपनी मूल संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाजों से जुड़े रहना चाहते हैं। इसी क्रम में राम कुमार सलाम, प्रदीप उइके और सोमी राम नरेटी के परिवारों समेत कुल 18 सदस्यों ने अपने मूल धर्म में वापसी का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने कहा कि वे अपनी परंपराओं और सामाजिक पहचान को बनाए रखते हुए गांव में शांतिपूर्ण वातावरण चाहते हैं।

विवाद के दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं संबंधित पक्षों से संयम बरतने की अपील की। दुर्गूकोंदल थाना प्रभारी सुनील दुबे ने भी ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह के विवाद को बातचीत के माध्यम से सुलझाने की अपील की। बैठक के बाद गांव में स्थिति सामान्य होने की जानकारी दी गई।

ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषय संवेदनशील होते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार के दबाव या विवाद के बजाय आपसी सहमति और शांतिपूर्ण संवाद को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

प्रशासन ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने शांति बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा कायम रखने पर जोर दिया।


अन्य पोस्ट