कांकेर
4.38 लाख की संपत्ति जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 16 सितंबर। लखनपुरी के शासकीय प्राथमिक शाला नयापारा परिसर में शौचालय निर्माण के लिए रखे लोहे के सरिया चोरी के मामले का चारामा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया करीब 290 किलोग्राम सरिया शत-प्रतिशत बरामद किया है।
आरोपी ने सरिया को कटर मशीन से छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर घर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी पिकअप वाहन और कटर मशीन भी जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 4.38 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 6 सितंबर को प्रार्थी ने थाना चारामा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि लखनपुरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला नयापारा परिसर में शौचालय निर्माण के लिए रखा करीब 300 किलोग्राम लोहे का सरिया अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना चारामा में अपराध क्रमांक 184/2026, धारा 303(2), 238(ग) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने लगातार संदिग्धों से पूछताछ और पतासाजी की। इस दौरान 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ईतवारी मण्डावी बालोद, हाल ग्राम लखनपुर, चारामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्कूल परिसर से सरिया चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 290 किलोग्राम लोहे का सरिया, जिसकी अनुमानित कीमत 18 हजार रुपये है, एक छोटा हाथी पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-24-वी-4300 (कीमत करीब 4 लाख रुपये) और एक कटर मशीन (कीमत करीब 20 हजार रुपये) बरामद की।