कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 8 सितंबर। पीव्ही-33 चौक स्थित वाइंडिंग दुकान से तांबा तार चोरी के मामले का पखांजूर पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का करीब दो किलो वाइंडिंग/तांबा तार तथा वारदात में प्रयुक्त पीले रंग की बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पीव्ही-40 पुरुषोत्तम नगर निवासी रोहित विश्वास ने थाना पखांजूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 और 11 अगस्त की दरम्यानी रात पीव्ही-33 चौक स्थित उसकी वाइंडिंग दुकान से करीब 10-11 किलो तांबा तार चोरी हो गया। चोरी गए तार की कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई गई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को पीव्ही-36 चांदीपुर निवासी मुकुल मंडल के संबंध में संदेह हुआ। पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश देकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने 10 अगस्त की रात करीब 12.30 बजे अपनी पीले रंग की बिना नंबर बाइक से दुकान पहुंचने और टीन का दरवाजा साइड से उखाडक़र अंदर प्रवेश कर तांबे के तार चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पीछे छिपाकर रखा गया करीब दो किलो तांबा तार, जिसकी कीमत लगभग दो हजार रुपये है, बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
आरोपी को 7 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल कांकेर भेज दिया गया।