कांकेर
20 स्थानों पर शिकायत पेटियां, हेल्पलाइन से 65 से अधिक शिकायतें
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कांकेर,4 सितंबर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर कांकेर पुलिस की महिला रक्षा टीम लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। फरवरी 2026 में शुरू की गई महिला रक्षा टीम की पिंक पेट्रोलिंग ने शहर में महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने के साथ पुलिस और आमजन के बीच भरोसे को भी मजबूत किया है। पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले छह माह में शहर के 20 स्थानों पर लगाए गए शिकायत पेटियों के माध्यम से 80 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका त्वरित निराकरण किया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संचालित महिला रक्षा टीम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान करना है। महिलाओं की सुविधा के लिए जारी महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 9479155925 के माध्यम से अब तक 65 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जरूरत पडऩे पर टीम शिकायतकर्ता के घर पहुंचकर भी सहायता उपलब्ध करा रही है।
महिला रक्षा टीम की त्वरित कार्रवाई के कई मामले सामने आए हैं। विद्यालय की तीन बालिकाओं से छेड़छाड़, पीछा करने और अभद्र व्यवहार की शिकायत पर आरोपी की रेकी कर उसे पकड़ा गया। वहीं, कपड़ा दुकान में काम करने वाली बालिका का पीछा करने वाले व्यक्ति की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
महिला सेल को वर्ष 2026 में अब तक 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 63 का निराकरण किया जा चुका है। शेष मामलों में काउंसलिंग और आवश्यक कार्रवाई जारी है।
25 हजार लोगों को किया जागरूक
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने स्कूल, कॉलेज, बाजार, मड़ई-मेला और संवेदनशील क्षेत्रों में 350 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 25 हजार लोगों को कानूनी अधिकार, साइबर अपराध से बचाव और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया है। छात्राओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण और डेमो भी दिया जा रहा है।
पुलिस ने छत्तीसगढ़ शासन के 'अभिव्यक्ति ऐप' का भी व्यापक प्रचार किया है। अब तक 5,450 मोबाइल में यह ऐप डाउनलोड कराया जा चुका है, ताकि महिलाएं और बालिकाएं आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
डीएसपी प्रतिभा लहरे को 'नारी शक्ति सम्मान'
महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए महिला रक्षा टीम की पर्यवेक्षण अधिकारी डीएसपी सुश्री प्रतिभा लहरे को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कर-कमलों से 'नारी शक्ति सम्मान' से सम्मानित किया गया है।
कांकेर पुलिस का कहना है कि यह सम्मान केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा है। पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र व्यवहार, साइबर अपराध या किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 9479155925 अथवा डायल-112 पर संपर्क करें। पुलिस ने शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता और गोपनीयता के साथ लेने का भरोसा दिलाया है।