कांकेर
‘नारी शक्ति सम्मान’ से नवाजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर,31 अगस्त। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली कांकेर पुलिस की डीएसपी प्रतिभा लहरे को प्रदेश स्तरीय ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह-2026’ में सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित इस गरिमामय समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
रविवार को रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, चिकित्सा महाविद्यालय, जेल रोड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को रेखांकित करते हुए डीएसपी प्रतिभा लहरे को सम्मान प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में डीएसपी लहरे के पर्यवेक्षण में कांकेर पुलिस की महिला रक्षा टीम और महिला सेल लगातार सक्रिय हैं। टीम द्वारा जिले के थाना क्षेत्रों के साथ स्कूल-कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।
महिलाओं को अपराध के प्रति सजग करने, विपरीत परिस्थितियों में सहायता लेने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने की इसी पहल को प्रदेश स्तर पर सम्मान मिलने से कांकेर पुलिस के प्रयासों को नई पहचान मिली है।
डीएसपी प्रतिभा लहरे को मिला यह सम्मान न केवल उनके कार्यों की सराहना है, बल्कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए काम कर रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है।