कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 27 अगस्त। कांकेर जिले की बांदे पुलिस ने मोटरसाइकिल से गांजा परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.750 किलोग्राम गांजा, नकदी, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 2,73,310 की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से पानावार से तोड़हुर की ओर गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना बांदे पुलिस, बीएसएफ जी ब्रांच और बीएसएफ 94वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने ग्राम तोड़हुर स्थित प्राथमिक शाला के सामने घेराबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को पकडक़र तलाशी ली गई।
तलाशी में चिरंजीत मंडल (37) के कब्जे से 1.520 किलो गांजा, जिसकी कीमत 76 हजार, गांजा बिक्री की 500 नकदी और 10 हजार कीमत का विवो मोबाइल बरामद हुआ। वहीं कमल मंडल (37) के कब्जे से 2.230 किलो गांजा, जिसकी कीमत 1.11 लाख, गांजा बिक्री की 310 नकदी तथा 75 हजार कीमत की बिना नंबर प्लेट वाली होंडा लिवो मोटरसाइकिल जब्त की गई।
दोनों आरोपियों से कुल 3.750 किलो गांजा, ?810 नकदी, मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत ?2,73,310 की संपत्ति बरामद की गई। पुलिस ने थाना बांदे में अपराध क्रमांक 68/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपी चिरंजीत मंडल और कमल मंडल दोनों निवासी पीव्ही-100 जयराम नगर, थाना बांदे, जिला कांकेर हैं।