कांकेर

एटीएम में धातु की प्लेट लगा 1.15 लाख की चोरी, नाबालिग पुलिस अभिरक्षा में
27-Aug-2026 10:04 PM
एटीएम में धातु की प्लेट लगा 1.15 लाख की चोरी, नाबालिग पुलिस अभिरक्षा में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 27 अगस्त। शहर के विभिन्न एटीएम में कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट पर धातु की प्लेट लगाकर ग्राहकों की रकम फंसाने और बाद में उसे निकालकर चोरी करने के मामले का सिटी कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। जांच में 5 अगस्त से 23 अगस्त के बीच अलग-अलग एटीएम से कुल 1 लाख 15 हजार 800 रुपये की राशि चोरी किया जाना पाया गया।

पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को चारामा निवासी हर्ष कुमार रजक ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह इंडिया वन एटीएम का कस्टोडियन है और कांकेर शहर में पीजी कॉलेज के पास जद्दू होटल कॉम्प्लेक्स, ठेलकाबोड़ तथा पंडरीपानी चौक स्थित एटीएम में राशि लोड करने और देखरेख का काम करता है। एटीएम में राशि लोड करने के दौरान कैश निकलने वाले स्थान पर धातु की प्लेट लगी मिली। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई।

फुटेज में एक ही व्यक्ति को अलग-अलग एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट में धातु की प्लेट लगाते हुए देखा गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी इस तरीके से ग्राहकों की निकासी राशि को एटीएम में फंसा देता था और ग्राहक के चले जाने के बाद फंसी हुई रकम निकालकर चोरी कर लेता था।

 


अन्य पोस्ट