कांकेर

नए कलेक्टर कुंदन कुमार ने संभाला पदभार
21-Aug-2026 11:03 PM
नए कलेक्टर कुंदन कुमार ने संभाला  पदभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 21 अगस्त। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कुंदन कुमार ने गुरुवार को कांकेर जिले के 23वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर चर्चा की।

नवपदस्थ कलेक्टर ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जिले के अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों तक भी शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कांकेर जिला अग्रणी रहे। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी टीम भावना के साथ बेहतर समन्वय और सामंजस्य से कार्य करें।

कांकेर से रहा है पुराना प्रशासनिक जुड़ाव

कुंदन कुमार का कांकेर जिले से पहले भी प्रशासनिक जुड़ाव रहा है। छत्तीसगढ़ कैडर मिलने के बाद वर्ष 2016-17 में उन्होंने भानुप्रतापपुर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के रूप में सेवाएं दी थीं।

इसके बाद वर्ष 2017 से 2019 तक वे कवर्धा में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं शुगर मिल के प्रबंध निदेशक रहे। वर्ष 2019-20 में जिला पंचायत दुर्ग तथा 2020-21 में जिला पंचायत कोरबा के सीईओ के रूप में सेवाएं दीं।

इसके बाद वर्ष 2021-22 में वे बलरामपुर के कलेक्टर तथा 2022-23 में अंबिकापुर के कलेक्टर रहे। वर्ष 2024-25 में उन्होंने संचालक नगरीय प्रशासन, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल तथा नया रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाली।

अप्रैल 2025 से 19 अगस्त 2026 तक वे मुंगेली जिले के कलेक्टर रहे। इसके बाद शासन द्वारा उन्हें कांकेर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


अन्य पोस्ट