कांकेर

सूने मकान में चोरी का खुलासा, 2 बंदी
17-Aug-2026 10:41 PM
सूने मकान में चोरी का खुलासा, 2 बंदी

 पांच लाख की संपत्ति बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 17 अगस्त। कोरर थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्री में सूने मकान का ताला तोडक़र चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई संपत्ति शत-प्रतिशत बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान में सोने के आभूषण, दो मोबाइल फोन और गैस सिलेंडर शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त होंडा स्कूटी भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कुर्री निवासी रूपेश कुमार मौहान 8 अगस्त को अपने परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर निजी काम से रायपुर गए थे। नौ अगस्त की शाम वापस लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर करीब 22-23 ग्राम सोने के आभूषण, इंडेन गैस सिलेंडर और करीब 50 हजार रुपये नगद चोरी होने की जानकारी सामने आई। मामले में कोरर थाने में  बीएनएस की धारा 305(1), 331(4) में अपराध दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन और एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में कोरर थाना तथा साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को शीतलापारा नारायणपुर निवासी भारत पटेल और राजू पटेल पर संदेह हुआ।

दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के सोने के आभूषण, नगदी से खरीदे गए एक आईफोन व एक एंड्रॉयड मोबाइल तथा गैस सिलेंडर बरामद किया। पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त होंडा स्कूटी भी जब्त की है।

बरामद सोने के आभूषणों में करीब 11 ग्राम का झुमका, 8 ग्राम का रानी हार और करीब 3 ग्राम का कान का लटकन शामिल है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। दोनों मोबाइल की कीमत करीब 50 हजार रुपये और गैस सिलेंडर की कीमत करीब दो हजार रुपये बताई गई है। वहीं जब्त स्कूटी की अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भारत पटेल और राजू पटेल दोनों निवासी भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर हैं। दोनों आरोपियों को 16 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट