कांकेर

कुएं में गिरा भालू का बच्चा ऊपर मंडराता रहा परिवार
10-Aug-2026 7:00 PM
कुएं में गिरा भालू का बच्चा ऊपर मंडराता रहा परिवार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 10 अगस्त। कांकेर जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र के कुसुमपानी गांव में रविवार को उस समय ग्रामीणों में हडक़ंप मच गया, जब भोजन की तलाश में पहुंचे भालू का एक शावक खुले कुएं में जा गिरा। कुएं में गिरे शावक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और सावधानीपूर्वक बचाव अभियान चलाकर शावक को सुरक्षित बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि भालू परिवार जंगल से निकलकर भोजन की तलाश में गांव के खेतों तक पहुंचा था। इसी दौरान पानी की तलाश में कुएं के पास पहुंचे शावक का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे कुएं में जा गिरा। शावक के कुएं में गिरने के बाद आसपास भालू परिवार की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी। लिहाजा रेस्क्यू के दौरान वन विभाग की टीम को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ी।

काफी सावधानी के बाद वनकर्मियों ने शावक को कुएं से बाहर निकाला। बाहर आने के बाद उसे सुरक्षित जंगल की ओर छोड़ दिया गया। इस दौरान आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी। वन विभाग ने लोगों को मौके से दूर रहने और भालू अथवा किसी अन्य वन्यजीव को देखने पर उसके करीब जाने या उसे छेडऩे के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।

गांवों की ओर बढ़ रही वन्यजीवों की दस्तक

कुसुमपानी की यह घटना केवल एक शावक के कुएं में गिरने तक सीमित नहीं है, बल्कि जंगल और आबादी के बीच बढ़ते टकराव की ओर भी इशारा करती है। कांकेर जिले के कई इलाकों में इन दिनों भालुओं की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। भोजन और पानी की तलाश में वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचने से ग्रामीणों को खेतों और जंगल की ओर जाने में भी भय बना हुआ है।

वन विभाग के सामने अब चुनौती केवल वन्यजीवों का रेस्क्यू करना ही नहीं, बल्कि लोगों के साथ संभावित खतरों को रोकना भी है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में भालुओं की आवाजाही बढऩे के कारण विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है।


अन्य पोस्ट