कांकेर

सांप ने काटा, गले में लपेट बाइक से अस्पताल पहुंचा युवक
09-Aug-2026 7:53 PM
सांप ने काटा, गले में लपेट बाइक से अस्पताल पहुंचा युवक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 9 अगस्त। कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक सांप को अपने गले में लपेटकर बाइक चलाते हुए अस्पताल जाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवक को बचाव अभियान के दौरान इसी सांप ने डस लिया था। इसके बाद उसने सांप को पकडक़र अपने साथ लिया और करीब 14 किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंच गया।

मामला कोयलीबेड़ा ब्लॉक के पखांजूर का है। सांप को गले में लपेटकर बाइक चलाने वाले युवक की पहचान देवजीत सरकार के रूप में हुई है। बताया गया है कि देवजीत पिछले करीब आठ वर्षों से इलाके में सांपों का बचाव करता आ रहा है और उसे स्नेक कैचर के रूप में जाना जाता है।

जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों देवजीत एक घर में सांप का रेस्क्यू करने पहुंचा था। रेस्क्यू के दौरान सांप ने उसे डस लिया। इसके बाद भी उसने सांप को पकड़ लिया और उसे बाइक पर अपने गले में लपेटकर अस्पताल पहुंच गया। घर से अस्पताल की दूरी करीब 14 किलोमीटर बताई जा रही है।

देवजीत का कहना था कि वह सांप को इसलिए साथ लेकर गया, ताकि डॉक्टर उसकी पहचान कर सकें और यह पता चल सके कि सांप जहरीला है या नहीं। अस्पताल पहुंचने के बाद जब डॉक्टरों ने सांप को देखा तो उसकी पहचान की गई। चिकित्सकों के अनुसार सांप जहरीला नहीं था, जिसके चलते युवक को उपचार के बाद जल्द राहत मिल गई।

डॉक्टर ने दी सख्त हिदायत

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को युवक गले में सांप लपेटकर अस्पताल पहुंचा था। उसे रेस्क्यू के दौरान सांप ने उसे काट दिया है। सांप की पहचान कराने के लिए वह उसे अपने साथ लेकर आया था। युवक का उपचार किया गया और जांच के बाद पता चला कि सांप विषैला नहीं था।

चिकित्सक के अनुसार सांप को इस तरह गले में लपेटकर अस्पताल लाना बेहद जोखिम भरा है। यदि सांप जहरीला होता तो वह रास्ते में दोबारा भी डस सकता था। इसके अलावा बाइक चलाते समय सांप के अचानक हरकत करने से सडक़ हादसा भी हो सकता था।

सांप काटने पर क्या करें?

विशेषज्ञों के अनुसार सांप के काटने पर घबराने के बजाय पीडि़त को शांत रखना चाहिए। जिस अंग पर सांप ने काटा है, उसे कम से कम हिलाने की कोशिश करनी चाहिए और बिना समय गंवाए नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचना चाहिए।


अन्य पोस्ट