कांकेर
कांकेर, 8 अगस्त। अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में फरार चल रहे महाराष्ट्र के आरोपी को बान्दे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी को भानुप्रतापपुर बस स्टैंड से घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे कांकेर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बान्दे थाना क्षेत्र की एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बान्दे निवासी ब्रोजेन पाल और महाराष्ट्र के पुणे निवासी सागर काले ने उसके अश्लील फोटो एवं वीडियो बनाकर वायरल किए हैं। शिकायत के आधार पर थाना बान्दे में बीएनएस की धारा 308(3), 77, 79 एवं आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के बाद आरोपी सागर काले फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए बान्दे पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी 5 अगस्त को छत्तीसगढ़ पहुंचा है और रायपुर से पखांजूर की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना बान्दे की विशेष टीम रवाना हुई और भानुप्रतापपुर बस स्टैंड पर घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से प्रकरण से संबंधित मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी सागर काले, महाराष्ट्र का रहने वाला है।