कांकेर
जान बचाकर भागे लोग, दहशत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 7 अगस्त। कांकेर शहर में देर रात उस समय हडक़ंप मच गया, जब दो भालू अचानक एक बीयर बार में घुस गए। भालुओं के बार परिसर में प्रवेश करते ही वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों भालू बार के किचन तक पहुंच गए, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भालुओं की मौजूदगी से लोगों में काफी भय व्याप्त रहा।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में कांकेर जिले में भालुओं की बढ़ती गतिविधियां चिंता का विषय बनी हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के बाद अब शहरी इलाकों में भी भालुओं की लगातार आवाजाही देखी जा रही है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से शहर में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।