कांकेर
नरहरपुर में भी भालू के हमले से एक की मौत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 6 अगस्त। कांकेर जिले में बुधवार को शावक की मौत के बाद बेकाबू हुई एक मादा भालू ने ग्राम मरकाटोला-लारागांव में भाई-बहन की जान ले ली, जबकि छोटी बहन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के बाद मादा भालू करीब पांच घंटे तक दोनों शवों के पास डटी रही और किसी को भी पास नहीं आने दिया। रायपुर से बुलाए गए विशेषज्ञ दल ने ट्रैंक्विलाइजऱ गन से भालू को बेहोश किया, तब जाकर शवों को कब्जे में लेकर अंतिम संस्कार के लिए भेजा जा सका। इसी दिन नरहरपुर वन परिक्षेत्र के सिंहारीनाला में भी भालू के एक अन्य हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे आश्रम में रसोइया का काम करने वाली गोरसे जूरी (50) अपने भाई हलाल खोर जूरी (45) तथा दो छोटे बच्चों के साथ घर लौट रही थीं। रास्ते में अचानक मादा भालू ने उन पर हमला कर दिया। दोनों भाई-बहन ने पहले बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भेजा और फिर भालू से संघर्ष किया। चीख-पुकार सुनकर खेत में काम कर रही उनकी छोटी बहन खोरीन जूरी (43) भी बचाने दौड़ी, लेकिन भालू ने उस पर भी हमला कर दिया।
हमले में गोरसे जूरी और हलाल खोर जूरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खोरीन जूरी गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से उसे किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना के बाद मादा भालू शवों के पास ही डटी रही और उन्हें नोंचती रही। इससे ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई। वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन भालू के अत्यधिक आक्रामक होने के कारण तत्काल कार्रवाई संभव नहीं हो सकी। इसके बाद रायपुर से वन्यजीव विशेषज्ञों का विशेष दल बुलाया गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैंक्विलाइजऱ गन से भालू को बेहोश कर सुरक्षित कब्जे में लिया गया। शवों को बाहर निकालने के बाद भालू को घने जंगल में छोड़ दिया गया।
इसी दिन नरहरपुर वन परिक्षेत्र के सिंहारीनाला में भी भालू के हमले में देवबली राम ध्रुव की मौत हो गई। एक ही दिन में भालू के हमलों में तीन लोगों की मौत ने वन क्षेत्र से लगे गांवों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक आशाराम नेताम मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा शासन से नियमानुसार मुआवजा और हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।