कांकेर

नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत - संदीप मेश्राम
02-Aug-2026 10:53 PM
नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत - संदीप मेश्राम

चारामा, 2 अगस्त। नगर पंचायत चारामा के पार्षद संदीप मेश्राम ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का जनआंदोलन है। इस अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखकर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए नशा मुक्त समाज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से देशभर में 100 सप्ताह तक नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

संदीप मेश्राम ने विशेष रूप से जेन-ज़ेड  युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुडक़र स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों, परिवार और समाज को भी नशा मुक्त बनाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही कल के विकसित भारत का निर्माता है। यदि हमारी युवा शक्ति स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित होगी, तभी भारत विश्व का अग्रणी विकसित राष्ट्र बनेगा।

उन्होंने नगर पंचायत चारामा के युवाओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं नागरिकों से अपील की कि वे नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए समाज में जनजागरूकता फैलाएं और एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।


अन्य पोस्ट