कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 1 अगस्त। अवैध गांजा की तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को नरहरपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप गिहार उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि 11 अप्रैल को सूचना मिली थी कि एक क्रेटा वाहन में अवैध गांजा भारतमाला मार्ग से डब्बीपानी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर नरहरपुर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक तेज रफ्तार में वाहन भगाने लगा, लेकिन ग्राम डब्बीपानी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक वाहन छोडक़र फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर तीन बोरियों में रखे 13 पैकेटों से कुल 67.380 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही करीब 10 लाख रुपये मूल्य का क्रेटा वाहन और दो अतिरिक्त नंबर प्लेट भी जब्त की गईं। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 33.69 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 43.69 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। मामले में थाना नरहरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि प्रदीप गिहार फरार था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर नरहरपुर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम उत्तर प्रदेश के बदायूं पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसे कांकेर लाकर 31 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।