कांकेर
कांकेर, 24 जुलाई। स्कूल में मदिरापान की हालत में पहुंचे प्रधान पाठक को डीईओ ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उसका मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कोयलीबेड़ा निर्धारित किया गया है।
विद्यालय जैसे अनुशासन और जिम्मेदारी के केंद्र में प्रधान पाठक का मदिरापान की अवस्था में पहुंचना शिक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद ने विकासखंड नरहरपुर के प्राथमिक शाला डोकरानाला के प्रधान पाठक शोभा राम ध्रुव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रधान पाठक पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी नरहरपुर द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में प्राथमिक शाला डोकरानाला के प्रधान पाठक शोभा राम ध्रुव के मदिरापान की अवस्था में विद्यालय में उपस्थित पाए जाने का उल्लेख किया गया। विभाग ने इस कृत्य को शासकीय सेवा के निर्धारित आचरण के विपरीत मानते हुए गंभीरता से लिया और उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रधान पाठक का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उपनियम 1, 2 एवं 3 का गंभीर उल्लंघन माना गया है। इसके चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान प्रधान पाठक शोभा राम ध्रुव का मुख्यालय कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, कोयलीबेड़ा निर्धारित किया गया है।
आदेश के मुताबिक, उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।