कांकेर

अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठगी, आरोपी रायपुर से बंदी
21-Jul-2026 9:42 PM
अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठगी, आरोपी रायपुर से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर 21 जुलाई। व्यवसाय में निवेश करने पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के मामले में भानुप्रतापपुर पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी की पहचान प्रीतेश कुमार मोटघरे दुर्ग, वर्तमान पता रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया ने थाना भानुप्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी प्रीतेश कुमार मोटघरे ने अपने व्यवसाय में राशि निवेश करने पर अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थिया ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2,00,018 रुपये आरोपी को दिए। निर्धारित समय बीतने के बाद जब प्रार्थिया ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने मोबाइल फोन बंद कर दिया और अपने निवास से फरार हो गया।

प्रार्थिया की शिकायत पर भानुप्रतापपुर पुलिस ने 17 जुलाई को धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा  के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर छिप रहा था। पुलिस टीम ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे रायपुर क्षेत्र से हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट