कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 17 जुलाई। ग्राम मर्रापी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से 3 किलो का एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया।
जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में चलाए जा रहे सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम मर्रापी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से लगभग 3 किलोग्राम वजनी एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया। बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने मौके पर ही आईईडी को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया, जिससे एक बड़ी संभावित घटना टल गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 17 जुलाई को थाना कांकेर क्षेत्र के ग्राम मर्रापी के जंगल-पहाड़ी इलाके में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने संदिग्ध स्थान से लगभग 3 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया।
इसके बाद बीडीएस टीम ने आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाते हुए विस्फोटक को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।
इस संयुक्त अभियान में डीआरजी टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक शैलेन्द्र भास्कर तथा बीडीएस टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक गोवर्धन कोर्राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।