कांकेर

साढ़े 3 लाख की तार चोरी का खुलासा, एक बंदी
17-Jul-2026 10:43 PM
साढ़े 3 लाख की तार चोरी का खुलासा, एक बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 17 जुलाई। उत्तर बस्तर कांकेर जिले की सरोना थाना पुलिस ने 3.50 लाख मूल्य के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया पूरा तार भी बरामद कर लिया है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनोज सोनी, निवासी रामपुर वार्ड, जिला धमतरी ने थाना सरोना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी द्वारा सीएसपीडीसीएल के विद्युत लाइन निर्माण कार्य के लिए ग्राम मालगांव और बरकई के बीच सडक़ किनारे एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार रखा गया था। 3 से 6 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात चोर एक ड्रम से लगभग ?3.50 लाख मूल्य का कंडक्टर तार चोरी कर ले गए।

शिकायत के आधार पर थाना सरोना में अपराध क्रमांक 04/2025 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और अन्य जांच के आधार पर शुभम यादव (26 वर्ष) निवासी ग्राम गोविंदपुर, थाना कांकेर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी के बाद कंडक्टर तार को एक फरार आरोपी के घर में सीढ़ी के नीचे छिपाकर दीवार चिनवाकर रखा गया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फरार आरोपी के घर से चोरी गया पूरा एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार बरामद कर लिया। बरामद माल की अनुमानित कीमत 3.50 लाख बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की गई है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट