कांकेर

कांकेर-नारायणपुर सीमा पर नक्सल डम्प
15-Jul-2026 11:15 PM
कांकेर-नारायणपुर सीमा पर नक्सल डम्प

हथियार और विस्फोटक बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 15 जुलाई। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। कांकेर-नारायणपुर सीमा पर ग्राम हेटारकसा, पल्लाहूर और जपमारका के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में स्थित एक नक्सली डम्प से हथियार, विस्फोटक सामग्री तथा अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री बरामद की गई। अभियान के दौरान बरामद विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ के द्वितीय कमान अधिकारी एवं प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के निर्देशन में जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 14 जुलाई को डीआरजी, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने हेटारकसा-पल्लाहूर-जपमारका के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डम्प मिला, जहां से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।

बरामद सामग्री में एक 303 रायफल मैग्जीन सहित, एक बीजीएल लॉन्चर, 303 रायफल के चार कारतूस, एके-47 के 30 कारतूस, एसएलआर के चार कारतूस, 10 बीजीएल सेल, लगभग तीन किलोग्राम का एक टिफिन आईईडी, दो पाइप बम तथा अन्य नक्सली सामग्री शामिल है। सुरक्षा की दृष्टि से बीडीएस टीम ने टिफिन आईईडी, पाइप बम और बीजीएल सेल को मौके पर ही डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया। इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व बीएसएफ के सहायक कमांडेंट अंकुश कुमार, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, बीएसएफ इंस्पेक्टर अनुज कुमार, उप निरीक्षक गंगा राम, रजत जेफ, रोशन लाल मीणा तथा डीआरजी टीम कमांडर राम कृष्ण यादव ने किया।


अन्य पोस्ट