कांकेर

गांजा जब्त, एक बंदी
23-Jun-2026 10:33 PM
गांजा जब्त, एक बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 23 जून। आमाबेड़ा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.771 किलोग्राम गांजा एवं गांजे का पौधा जब्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 42 हजार 600 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सोड़े, मंडलीपारा निवासी एक व्यक्ति अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजे का पौधा लगाकर रखे हुए है तथा घर में गांजा बिक्री के लिए संग्रहित किया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक राखेचा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अंतागढ़ शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना आमाबेड़ा पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस ने ग्राम सोड़े, मंडलीपारा निवासी टिबलूराम पटेल (42 वर्ष) से पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके घर की बाड़ी से एक जीवित गांजे का पौधा बरामद हुआ, जिसका वजन 1.090 किलोग्राम पाया गया। इसके अलावा घर के कमरे से दो पॉलिथीन में भरा हुआ 1.681 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 2.771 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने घर में गांजे का पौधा लगाकर अवैध रूप से गांजा बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(क) एवं 20(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।


अन्य पोस्ट