कांकेर

जमीन विवाद में हिंसक संघर्ष, दंपति पर जानलेवा हमला, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
19-Jun-2026 3:37 PM
जमीन विवाद में हिंसक संघर्ष, दंपति पर जानलेवा हमला, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

कांकेर,19 जून। भानुप्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम कोरर में लंबे समय से चले आ रहे जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई और उसके परिवार ने छोटे भाई तथा उसकी पत्नी पर घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दंपति को जिला अस्पताल कांकेर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार 16 जून को बड़े भाई ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर छोटे भाई राकेश राजपूत एवं उसकी पत्नी गोमती राजपूत के घर पहुंचकर विवाद किया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर बेरहमी से मारपीट की। हमले में पति-पत्नी दोनों के सिर, हाथ, पैर, पेट, छाती और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा था, लेकिन इस बार मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट और जानलेवा हमले की नौबत आ गई। घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इधर ग्राम प्रमुख और ग्रामीणों ने थाना कोरर पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट