कांकेर

युवतियों को परेशान करने वाला युवक गिरफ्तार
17-Jun-2026 10:44 PM
युवतियों को परेशान करने वाला युवक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 17 जून। कांकेर पुलिस ने युवतियों को परेशान करने वाले एक युवक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

 पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक प्रतिभा लहरे के पर्यवेक्षण में संचालित महिला रक्षा टीम द्वारा 16 जून को आमापारा क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान महिला हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि दुकान में काम समाप्त कर घर लौट रही कुछ युवतियों को एक युवक लगातार परेशान कर रहा है।

सूचना मिलते ही महिला रक्षा टीम मौके पर पहुंची और आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ एवं शिकायत के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी की हरकतों से सार्वजनिक शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 170 तथा धारा 126 एवं 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

  गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार कोमरा कांकेर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


अन्य पोस्ट