कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 14 जून। कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुलिस विभाग, कलेक्टोरेट, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों में भर्ती कराने का झांसा देकर कई लोगों से रकम वसूलने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार ग्राम उडक़ुड़ा निवासी यादेश कुमार साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि हटकाचारामा निवासी कैलाश साहू और उसकी सहयोगी तरूणा निषाद ने पुलिस आरक्षक भर्ती में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर वर्ष 2024 के दौरान विभिन्न किस्तों में उससे 1 लाख 76 हजार 980 रुपये लिए थे। नौकरी नहीं लगने और राशि वापस नहीं मिलने पर प्रार्थी ने थाना चारामा में रिपोर्ट दर्ज कराई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने जिले सहित अन्य क्षेत्रों के कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर धनराशि प्राप्त की थी। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम से इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर खरीदने तथा मकान निर्माण में खर्च करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी कैलाश साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी के कब्जे से टीवी, कंप्यूटर, मोबाइल, फर्नीचर, सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 17 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है। बरामद सामग्री में 72 बक्सा जैविक खाद भी शामिल हैं।


