कांकेर

राम दरबार सिक्का खरीदने के नाम पर ठगी, 4 बंदी
31-May-2026 10:57 PM
राम दरबार सिक्का खरीदने के नाम पर ठगी, 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 31 मई। राम दरबार सिक्का खरीदने के नाम पर 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों से  मोबाइल, लैपटॉप, फर्जी आधार कार्ड, रक्षा मंत्रालय का फर्जी परिचय पत्र बनाकर जाली दस्तावेज समेत कई सामान व वाहन भी जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार 28 मई को प्रार्थी राजुराम कुमेटी ग्राम कामतेड़ा, जिला कांकेर ने सिटी कोतवाली कांकेर में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि  एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल से संपर्क कर स्वयं को अविनाश तिवारी बताया। उसने कृषि विज्ञान केंद्र सिगारभाट के पास उसे बुलाया।

 

आरोपी ने राम, सीता एवं लक्ष्मण अंकित विशेष सिक्के को विदेश में ऊंचे दामों में बेचकर भारी मुनाफा कमाने तथा प्राप्त राशि को आपस में बांटने का लालच दिया। इस झांसे में आकर उसने 30 हजार रुपये आरोपी को दिए। जब उसे लगा कि वह ठगी का शिकार हुआ है। तब वह  सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध दर्ज कराया। कांकेर पुलिस ने धारा 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना किया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों की जानकारी  के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई। पतासाजी के दौरान ग्राम बाबूसाल्हेटोला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों के मिलने की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी अविनाश तिवारी उर्फ सोहन साहू सहित उसके तीन अन्य साथियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सोहन साहू उर्फ अविनाश तिवारी, गन्नु राम नेताम, तामेश्वर सिंह नाग एवं जितेन्द्र  बताया तथा प्रार्थी के साथ धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।

आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, लैपटॉप, फर्जी आधार कार्ड, रक्षा मंत्रालय का फर्जी परिचय पत्र, एश्वर्या कदम के नाम से तैयार जाली दस्तावेज, अविनाश तिवारी के हस्ताक्षरयुक्त बैंक चेक, 2 तांबे के राम दरबार सिक्के, 2 बजरंगबली सिक्के, तीन छोटी पेटियां, एक सफेद रंग की कार एवं एक मोटरसाइकिल बरामद कर  जब्त किया गया।

विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 319(2), 336(3) एवं 340(2) बीएनएस की धाराएं भी जोड़ी गईं। सभी आरोपियों को  गिरफ्तार कर  न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया । जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


अन्य पोस्ट