कांकेर
चारामा, 27 मई। चारामा पुलिस ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर रेप के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की गई।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, 26 मई को एक प्रार्थिया ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि ग्राम आंवरी निवासी खिलेश्वर यादव ने नाबालिग बालिका को शादी का झांसा दिया और परिवार को जानकारी देने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया। शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी ने 10 सितंबर 2025 से 15 नवंबर 2025 के बीच कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस ने अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 64(2)(ड), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम खिलेश्वर यादव है। वह ग्राम आंवरी, थाना चारामा, जिला कांकेर का निवासी है। मामले की जांच जारी है।