कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 26 मई। जिला पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में दो अलग-अलग स्थानों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक एवं दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की।
25 मई को थाना कोयलीबेड़ा एवं जिला कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र ग्राम गुमचूर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल डंप सामग्रियों 303 रायफल राउंड 42 ,7.62 एसएलआर राउंड 75 , 5.56 रायफल राउंड 21 , 7.62 एमएम एसएलआर मैग्जीन फिलर 2 , स्टील कंटेनर 01 नग, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर 6 (01 टूटा हुआ)एवं नक्सल साहित्य बरामद किया गया।
इसी तरह 25 मई को थाना परतापुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम पदालमस्पी केजंगल-पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान नक्सल डम्प सामग्री बरामद की गई। बरामद सामग्री में देशी मेड पिस्टल - 1, टिफिन आईईडी - 1 (लगभग 2 किग्रा.), पावर कंट्रोलर - 1 नग वायर एवं बैटरी है। सुरक्षा बलों द्वारा बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कांकेर एवं नारायणपुर पुलिस द्वारा नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किया जा रहा है।
सुरक्षा बलों की सतत कार्रवाई से नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु सघन सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।


