कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 1 मई। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के कक्षा 10वीं परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं। इसमें एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कांकेर की छात्रा कृतिका टेकाम ने देशभर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
विद्यालय के अनुसार, कृतिका टेकाम ने 97 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। यह उपलब्धि देशभर में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच दर्ज की गई है।
कृतिका ने देश में संचालित संपूर्ण एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त कर कांकेर जिले के साथ साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश और आदिम जाति विभाग को भी गौरवान्वित की है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, सत्र 2025-26 में विद्यालय का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा। कक्षा 10वीं के 57 विद्यार्थियों में से 52 प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जबकि पांच विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
इंजीनियर बनने की चाह
कृतिका टेकाम इंजीनियर बनना चाहती हंै। कृतिका ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि वह स्कूल की पढ़ाई के अलावा प्रतिदिन 5 से 6 घंटे अतिरिक्त पढ़ाई करती थी। अपनी इस उपलब्धि के लिए वह अपनी मां और अपने विद्यालय के शिक्षकों को इसका श्रेय देती है। इस मुकाम तक पहुंचने वह अपनी मां को मार्गदर्शक बताती हंै। उसकी मां यशोदा टेकाम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। पिता रतिराम बचपन में ही गुजर गए थे। मां ने पालन पोषण किया और उसे आगे बढऩे के लिए प्रेरणा देती रही है। कृतिका बताती है कि वह कड़ी मेहनत कर भविष्य में इंजीनियर बनेगी।
15 बच्चे राज्य और 5 का राष्ट्रीय स्तर पर चयन
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कांकेर के प्राचार्य अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि कृतिका की इस उपलब्धि से प्रसन्नता हुई। उन्हें सहसा विश्वास नहीं हुआ कि उनके स्कूल से टॉप की है। प्राचार्य ने बताया कि आवासीय विद्यालय होने के कारण सुबह 6 बजे से ही गतिविधियां शुरू हो जाती है।
स्कूल की पढ़ाई के अलावा कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षाएं चलाई जाती है और शाम को 6 से 8 बजे तक सुपरवाइजिंग स्टडी होती है। उन्होंने बताया कि 2025 2026 में विद्यालय से 15 बच्चे राज्य स्तरीय कबड्डी और एथलेटिक में चयनित हुए। 5बच्चे का कबड्डी में राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ।


