कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर,30 अप्रैल। पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। डीआरजी, जिला पुलिस बल, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम की संयुक्त कार्यवाही में ग्रामबड़ेधौसा-मानकोट-उपरकोटगांव-जिक्लामारी के मध्य जंगल पहाड़ी क्षेत्र से 7 कुकर आईईडी, 2 पाइप बम, अन्य नक्सल सामान बरामद हुआ है।
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पट्टलिंगम के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा कांकेर के निर्देशन में जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। नक्सलियों के विरुद्ध सघन सर्चिंग अभियान के साथ-साथ उनके द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी एवं छुपाकर रखी गई सामग्री की बरामदगी हेतु निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 27 एवं 28 अप्रैल को डीआरजी, जिला पुलिस बल एवं बीडीएस टीम द्वारा थाना आमाबेड़ा, कोरर, कांकेर एवं ताड़ोकी क्षेत्रांतर्गत ग्राम बड़ेधीसा, मानकोट, उपरकोटगांव एवं जिवलामारी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की, जिसमें 7 नग 5-5 किलो प्रेशर कुकर आईईडी, 2 पाइप बम, एक कोडेक्स वायर, 3 बंडल वर्दी कपड़ा, 7 बंडल इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री शामिल है। बरामद विस्फोटक सामग्री को बीडीएस टीम द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही डिफ्यूज कर नष्ट किया गया।
उक्त कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स ) गिरिजा शंकर साव,उप पुलिस अधीक्षक (डीआरजी ) अविनाश कुमार ठाकुर, डीआरजी कमांडर बलराम उसेंडी, श्री चंद्रशेखर ठाकुर एवं अन्य डीआरजी ,जिला पुलिस बल, बीएसएफ की संयुक्त टीम शामिल रही।


